छुरा लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार ।
कवर्धा – कबीरधाम जिले के कवर्धा में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हनुमान वाटिका के सामने हाथ में लोहे का छुरा लेकर राहगीरों को मारने की धमकी दे रहा था।
दरअसल, 22 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि हनुमान वाटिका के सामने एक व्यक्ति धारदार छुरा लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान नंदू यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 10, राजमहल चौक कवर्धा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 11 इंच लंबा लोहे का धारदार छुरा जप्त किया।
आरोपी के पास हथियार का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 556/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।