कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) के कवर्धा प्रवास के दौरान जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन की संचालक मंडल बैठक आयोजित हुई। बैठक में तेंदूपत्ता संग्रहण, बोनस वितरण और वनधन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन में जिले की 19 समितियों के 32,688 संग्राहकों को ₹22.13 करोड़ पारिश्रमिक देय है, जिसमें से ₹22.04 करोड़ (99.58%) की राशि ऑनलाइन खातों में जारी की जा चुकी है। शेष भुगतान भी जल्द किया जाएगा।
वर्ष 2023 के तेंदूपत्ता सीजन के लिए लाभ में रही 13 समितियों के 21,010 संग्राहकों को ₹2.31 करोड़ बोनस का ऑनलाइन वितरण भी शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर रूपसाय सलाम ने राजानवागांव, सहसपुर और रेंगाखार के चयनित संग्राहकों को बोनस राशि के सांकेतिक धनादेश प्रदान किए।
प्रवास के दौरान उन्होंने जिला यूनियन के गोदामों तथा वनधन केंद्र, बोड़ला स्थित शहद प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण कर स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और उनके कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वनधन केंद्र, बोड़ला परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।