धान खरीदी घोटाला: ₹81.19 लाख की गड़बड़ी, समिति प्रबंधक के घर से ₹16 लाख नकद जब्त।
कवर्धा। लोहारा पुलिस ने धान खरीदी में हुई बड़ी अनियमितता का खुलासा करते हुए तीन धान उपार्जन केंद्रों—लोहारा, बासिनझोरी और बिरनपुर कला—में शासन को ₹81.19 लाख की आर्थिक क्षति पहुंचाने के मामले में तीन अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं।

जांच में समिति प्रबंधक गंगादास मानिकपुरी, संबंधित फड़ प्रभारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों पर अमानत में खयानत एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विवेचना के दौरान गंगादास मानिकपुरी के घर की तलाशी में करीब ₹16 लाख नकद, विभिन्न बैंकों की पासबुक, लैपटॉप और सीपीयू जब्त किए गए। हालांकि आरोपी मौके से फरार मिला। पुलिस ने सभी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अमित पटेल, एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर तथा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई।