पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) स्वयं पहुंचे मौके पर, नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को दी कड़ी चेतावनी
कवर्धा।जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र बघेल एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशे के विरुद्ध विशेष कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को प्राप्त सूचना के आधार पर कवर्धा एवं साइबर थाना के साथ संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र बघेल स्वयं कवर्धा शहर के देवारपारा क्षेत्र पहुंचे और पुलिस टीम के साथ छापेमार कार्रवाई का नेतृत्व किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध मकानों एवं स्थानों की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कई स्थानों से अवैध रूप से संग्रहित शराब बरामद की गई। वहीं कुछ व्यक्तियों द्वारा अपने घरों के पीछे के हिस्से में जमीन के भीतर गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने मौके पर गांजे को बरामद कर जप्ती की कार्रवाई की। जप्त किए गए मादक पदार्थ एवं अवैध शराब के संबंध में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने मौके पर उपस्थित लोगों एवं स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे का कारोबार समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बर्बाद करता है तथा ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों का कारोबार पूरी तरह छोड़ दें। यह रास्ता न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि समाज और परिवार को भी नुकसान पहुंचाता है। अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, उन्हें संस्कार और बेहतर वातावरण प्रदान करें ताकि वे पढ़-लिखकर समाज एवं देश के विकास में योगदान दे सकें। बच्चों का भविष्य नशे के कारोबार में नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और अच्छे संस्कारों में है।
उन्होंने कहा कि कबीरधाम पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और जिले में कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन अथवा भंडारण की सूचना मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आम नागरिकों से भी अपील करती है कि वे नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में नशा पर प्रहार अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रभावी कानूनी कार्रवाई भी की जाती रहेगी।
इस कार्रवाई में डीएसपी श्री आशीष शुक्ला, कोतवाली थाना प्रभारी श्री योगेश कश्यप, ANTF प्रभारी श्री महेश प्रधान, साइबर थाना प्रभारी श्री उमाशंकर राठौर, श्रीमती दिव्या शर्मा, श्रीमती शालिनी वर्मा सहित पीएसआई एवं थाना कोतवाली की टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई है। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था एवं समाज की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी और अधिक प्रभावी रूप से जारी रहेंगे।