- कवर्धा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कबीरधाम ने जिले के कॉलेजों की समस्याओं और उच्च शिक्षा के विकास को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक विजय शर्मा को एक मांग पत्र सौंपा।
ABVP के जिला संयोजक मानस मिश्रा ने बताया कि जिले के छात्रों को यूनिवर्सिटी से जुड़े कार्यों के लिए बार-बार दुर्ग जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए परिषद ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की एक शाखा कवर्धा में ही स्थापित करने की प्रमुख मांग रखी है।
प्रमुख मांगें और आश्वासन:
- यूनिवर्सिटी शाखा की स्थापना: माइग्रेशन, त्रुटि सुधार और अंकसूची जैसे काम स्थानीय स्तर पर ही हो सकें।
- अतिरिक्त भवनों का निर्माण: बोडला, लोहारा और कवर्धा कन्या महाविद्यालय में छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए कमरों की मांग की गई। इस पर डिप्टी सीएम ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तीनों कॉलेजों में दो-दो अतिरिक्त कक्ष निर्माण का आश्वासन दिया।
- पीजी कॉलेज का दर्जा: शासकीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय (कवर्धा) को पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) कॉलेज का दर्जा दिया जाए, ताकि छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने परिषद की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान मानस मिश्रा, गजाधर वर्मा, ईश्वर वर्मा और परमेश्वर साहू सहित ABVP के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।