Explore

Search

July 23, 2026 8:52 am

Our Social Media:

WhatsApp Image 2026-07-03 at 10.33.15 (1)
WhatsApp Image 2026-07-03 at 10.33.15
WhatsApp Image 2026-06-29 at 10.17.50

जिला चिकित्सालय कबीरधाम में मिल रही विशेषज्ञ दंत चिकित्सा सेवाएं, जटिल मामलों का भी हो रहा सफल उपचार

जिला चिकित्सालय कबीरधाम में मिल रही विशेषज्ञ दंत चिकित्सा सेवाएं, जटिल मामलों का भी हो रहा सफल उपचार

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण एवं राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से उपचार के साथ जनजागरूकता पर विशेष जोर

कवर्धा, 03 जुलाई 2026। जिला चिकित्सालय कबीरधाम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों को आधुनिक, विशेषज्ञ एवं गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां दांत एवं मुख रोगों के सामान्य से लेकर जटिल मामलों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा रहा है। विशेषज्ञ सेवाओं के विस्तार से जिले के मरीजों को अब कई प्रकार के उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे उन्हें बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
जिला चिकित्सालय में जबड़े की हड्डी (जॉ फ्रैक्चर) का प्रबंधन, म्यूकोसील सर्जरी, माइनर ओरल सर्जरी, सड़क दुर्घटनाओं में चेहरे एवं जबड़े की चोटों का उपचार, जटिल दांत निष्कर्षण, दांतों की फिलिंग, एस्थेटिक कम्पोजिट रेस्टोरेशन सहित विभिन्न प्रकार की विशेषज्ञ दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। बच्चों में गंभीर दंत क्षय (रैम्पेंट कैरीज) के उपचार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि समय पर उपचार के माध्यम से संक्रमण एवं भविष्य में होने वाली जटिलताओं से बचाव किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य शिक्षा, परामर्श, स्क्रीनिंग शिविर एवं दंत परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को तंबाकू के दुष्प्रभाव, मुख कैंसर की रोकथाम, दंत स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला चिकित्सालय में पदस्थ विशेषज्ञ दंत चिकित्सक डॉ. रोशनी पटेल पिछले लगभग चार वर्षों से अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में अनेक जटिल दंत एवं मुख रोगों का सफल उपचार किया है। वर्तमान में वे राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी के रूप में भी दायित्व निभा रही हैं। उनके मार्गदर्शन में जिले में तंबाकू नियंत्रण, मुख स्वास्थ्य संवर्धन, स्क्रीनिंग शिविर एवं जनजागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सतत प्रयासों, विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं एवं जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से जिला चिकित्सालय कबीरधाम में नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उपचार के साथ-साथ जागरूकता और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर दिए जा रहे विशेष बल से जिले में मुख एवं दंत स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सुदृढ़ हो रही हैं।

दोनों राज्यों में विकास की नई गति ।
LETEST ARTICALS