Explore

Search

July 23, 2026 4:47 am

Our Social Media:

WhatsApp Image 2026-07-03 at 10.33.15 (1)
WhatsApp Image 2026-07-03 at 10.33.15
WhatsApp Image 2026-06-29 at 10.17.50

“मौत के साए में पढ़ रहे मासूम! सिंगारपुर स्कूल का जर्जर किचन भवन कभी भी बन सकता है बड़े हादसे की वजह”

सहसपुर लोहारा । <<<<<<< कवर्धा >>>>>>>


कबीरधाम जिले के विकासखंड सहसपुर लोहारा अंतर्गत ग्राम सिंगारपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय का किचन भवन अब बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। मध्याह्न भोजन तैयार करने के लिए बनाया गया यह भवन पूरी तरह जर्जर हो गया है। दीवारों में गहरी दरारें, कमजोर होती छत और जगह-जगह से झड़ता प्लास्टर इस बात का संकेत दे रहे हैं कि भवन किसी भी समय धराशायी हो सकता है।

बरसात के मौसम ने स्थिति को और भी चिंताजनक बना दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण भवन में पानी रिस रहा है, जिससे इसकी मजबूती तेजी से कम होती जा रही है। इसके बावजूद इसी भवन के आसपास प्रतिदिन बच्चों की आवाजाही बनी रहती है और यहीं मध्याह्न भोजन तैयार किया जाता है। ऐसे में छात्र-छात्राओं, रसोइयों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में भारी चिंता व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जर्जर भवन की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों और शिक्षा विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न तो भवन की मरम्मत कराई गई और न ही नए किचन भवन के निर्माण की दिशा में कोई पहल दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देकर मामले को टालता रहा है।

पालकों का कहना है कि स्कूल बच्चों के भविष्य को संवारने का स्थान होता है, लेकिन यहां बच्चे हर दिन खतरे के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं। यदि समय रहते भवन को उपयोग से बाहर नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी भरपाई संभव नहीं होगी।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन तथा शिक्षा विभाग से मांग की है कि जर्जर किचन भवन को तत्काल अनुपयोगी घोषित कर सुरक्षित स्थान पर मध्याह्न भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। साथ ही विद्यालय के लिए नए किचन भवन के निर्माण को शीघ्र स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज किया और भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की होगी।

दोनों राज्यों में विकास की नई गति ।
LETEST ARTICALS